निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में उमड़े लोग, महापौर शम्भू पासवान ने किया शुभारंभ
ऋषिकेश, 22 जुलाई। सुंदरा सामाजिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं नेत्र स्वास्थ्य परामर्श शिविर का शुभारंभ नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शम्भू पासवान ने फीता काटकर किया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।
इस अवसर पर महापौर श्री शम्भू पासवान ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने नागरिकों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। साथ ही लोगों को नेत्र रोगों की समय रहते पहचान और नियमित जांच के प्रति जागरूक किया गया।
महापौर ने इस जनहितकारी आयोजन के लिए सुंदरा सामाजिक संस्था, चिकित्सकों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले क्षेत्रीय पार्षद राजेंद्र बिष्ट, संजू बिष्ट, श्रीमती ज्योति सजवान सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को राहत प्रदान करते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने भी शिविर की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की। कार्यक्रम को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जनजागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।