ऋषिकेश में 22 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, युवक पर गंभीर आरोप बचपन में माता-पिता को खोने के बाद चाचा-चाची ने किया था पालन- पोषण, फैक्ट्री में काम के दौरान युवक से हुई थी पहचान
ऋषिकेश में 22 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, युवक पर गंभीर आरोप बचपन में माता-पिता को खोने के बाद चाचा-चाची ने किया था पालन- पोषण, फैक्ट्री में काम के दौरान युवक से हुई थी पहचान
ऋषिकेश 31 अक्टूबर। नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की पट्टी भरपूर के ग्राम सभा डोव निवासी 22 वर्षीय युवती ने ऋषिकेश में आत्महत्या कर ली। युवती बचपन से ही अनाथ थी। चाचा-चाची ने ही उसका पालन-पोषण कर उसे बड़ा किया था। युवती की मौत के बाद परिजनों ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, युवती रोजगार की तलाश में ऋषिकेश आई थी और यहां ढालवाला स्थित सूज फैक्ट्री में काम करती थी। इसी दौरान फैक्ट्री में काम करने वाले एक युवक से उसकी जान-पहचान हुई। परिजनों का आरोप है कि युवक ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा था। युवती की आत्महत्या के बाद परिजनों ने युवक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजन ऋषिकेश स्थित एम्स पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेता सरदार सिंह पुंडीर और दिनेश चंद्र मास्टर भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस-प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की।
वहीं, दूसरी ओर संबंधित युवक और उसकी बहन ने भी परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों पर अपना पक्ष रखा है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते मामले ने तूल पकड़ लिया है। फिलहाल युवती की मौत के वास्तविक कारणों और युवक पर लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।