फरार चल रहे दो वारंटी गिरफ्तार, ऋषिकेश पुलिस ने न्यायालय में किया पेश ऋषिकेश, 22 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में फरार वारंटियों एवं नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। कोतवाली ऋषिकेश द्वारा गठित पुलिस टीम लगातार फरार अभियुक्तों और वारंटियों की तलाश में दबिश एवं चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में वाद संख्या 1012/2022 एवं वाद संख्या 705/2023, धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामलों में फरार चल रहे वारंटियों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर राहुल मिश्रा (26 वर्ष), निवासी धोबीघाट, चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश तथा सज्जन कुमार (51 वर्ष), मूल निवासी जिला समस्तीपुर, बिहार एवं वर्तमान निवासी वीरपुर खुर्द, ऋषिकेश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तार वारंटियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद बुधवार को उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा न्यायालय के आदेशों की प्रभावी तामील सुनिश्चित की जाएगी।