ऋषिकेश/ टिहरी 12 मई। पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रही नामजद आरोपी सास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद पुलिस लगातार वांछित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
पुलिस कार्यालय टिहरी गढ़वाल से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को थाना घनसाली क्षेत्र में 22 वर्षीय एक महिला को उसके पति और ससुर द्वारा पिलखी अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया था कि महिला ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतका की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी।
मामले में मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर थाना घनसाली में सास, ससुर और पति के खिलाफ धारा 80(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने इससे पहले मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। वहीं अब मुकदमे में वांछित चल रही नामजद आरोपी सास को भी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल भट्ट, मुख्य आरक्षी सुनील सैनी और महिला होमगार्ड नीलम शामिल रहे।