गंगा में डूबे छात्र का शव बरामद, SDRF ने तीन दिन तक चलाया सर्च अभियान
ऋषिकेश 12 मई। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र अंतर्गत भागीरथी घाट पर गंगा नदी में डूबे 20 वर्षीय छात्र का शव एसडीआरएफ ने लगातार सर्च अभियान चलाने के बाद बरामद कर लिया। छात्र की पहचान हर्षित उपाध्याय पुत्र श्री नंद किशोर उपाध्याय निवासी भिकियासैंण, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। घटना के बाद से एसडीआरएफ और जिला पुलिस की टीमें लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थीं। जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 मई 2026 को भागीरथी घाट क्षेत्र में छात्र के गंगा नदी में डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम एवं जिला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गंगा नदी के तेज बहाव, अधिक गहराई और कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। एसडीआरएफ द्वारा डीप डाइविंग उपकरणों और विशेष सर्च तकनीकों का उपयोग करते हुए लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में खोजबीन की गई। आखिरकार सोमवार 12 मई 2026 को एसडीआरएफ टीम को भागीरथी घाट क्षेत्र में छात्र का शव बरामद करने में सफलता मिली। एसडीआरएफ जवानों ने शव को नदी से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।