नाबालिग बालक से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, परिजनों की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ था मुकदमा
ऋषिकेश, 11 नवंबर। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने नाबालिग बालक के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में नामजद 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को देखकर मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि वीरपुर खुर्द, नेहरूग्राम निवासी एक महिला ने 9 नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रोहित नाम के युवक ने उनके नाबालिग पुत्र के साथ छेड़छाड़ करते हुए गलत हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित के खिलाफ संबंधित धराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले में बीएनएस की धारा और पॉक्सो अधिनियम कीे तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम आईडीपीएल क्षेत्र में लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद आरोपी वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल की ओर साईं घाट जाने वाले रास्ते पर खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित (23 वर्ष) पुत्र गोपाल सिंह, निवासी ग्राम राजपुर खुर्द, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, हाल निवासी वीरपुर खुर्द, गली नंबर 12, विस्थापित कॉलोनी ऋषिकेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को 10 नवंबर की रात 9:20 बजे गिरफ्तार किया। बुधवार को उसे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।