चार नामजद समेत पांच के खिलाफ मुकदमापुरानी रंजिश के कारण मारपीट में युवक को आई गंभीर अंदरूनी चोटें;
ऋषिकेश 10नवंबर। दीपावली पार्टी से दोस्तों के साथ घर लौट रहे युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास चार नामजद युवकों और उनके एक अज्ञात साथी ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। घटना में एक युवक को गंभीर एवं अंदरूनी चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, तिलक रोड निवासी कृष्ण डुडेजा पुत्र जय प्रकाश डुडेजा ने कोतवाली ऋषिकेश में दी तहरीर में बताया कि नौ नवंबर की सुबह करीब 3:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ दीपावली पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास शिवांश गुप्ता और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने एकराय होकर उन पर और उनके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कृष्ण डुडेजा को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की ओर से मेडिकल रिपोर्ट की छायाप्रति के साथ पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए हैं। विवेचना के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नामजद आरोपियों में शिवांश गुप्ता पुत्र अतुल गुप्ता, पार्थ राजपूत, अनिकेत राजपूत और ध्रुविश चौधरी शामिल हैं। इनके अलावा एक अज्ञात आरोपी को भी मुकदमे में शामिल किया गया है।