मुख्यमंत्री धामी के सामने उठा ढालवाला-चीनी गोदाम मार्ग का मुद्दा, जल्द निर्माण का मिला आश्वासन मुनिकीरेती आगमन पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने रखी सड़क निर्माण की मांग, डीएम ने अधिकारियों को भेजा मौके पर
मुख्यमंत्री धामी के सामने उठा ढालवाला-चीनी गोदाम मार्ग का मुद्दा, जल्द निर्माण का मिला आश्वासन मुनिकीरेती आगमन पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने रखी सड़क निर्माण की मांग, डीएम ने अधिकारियों को भेजा मौके पर
मुनिकीरेती 10 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुनिकीरेती आगमन पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक के क्षतिग्रस्त और बदहाल मार्ग के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क की समस्या रखते हुए उन्होंने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। इसके बाद जिलाधिकारी टिहरी नीतिका खंडेलवाल के निर्देश पर प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने फोन पर शीघ्र कार्य के लिए शासनादेश (जीओ) जारी कराने और निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि बीते वर्ष नरेंद्रनगर में आयोजित मां कुंजापुरी मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। इसके चलते स्थानीय लोगों को प्रतिदिन धूल और मिट्टी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बदहाल सड़क के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाए जाने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण तथा स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने फोन पर जल्द ही निर्माण कार्य के लिए जीओ जारी कराने और काम शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
पालिकाध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा को अब जल्द धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बदहाल सड़क और धूल-मिट्टी की समस्या से निजात मिल सकेगी।