स्व. शिवमोहन मिश्र की स्मृति में रक्तदान शिविर, 91 यूनिट रक्त एकत्रित,
एसएम शक्ति फाउंडेशन की पहल, एम्स ऋषिकेश और परिवर्तन ग्रुप की टीम ने दिया सहयोग
ऋषिकेश 15 अक्टूबर। स्वर्गीय शिवमोहन मिश्र की स्मृति में 15 अक्टूबर को रेलवे रोड स्थित जैन मार्केट में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एसएम शक्ति फाउंडेशन ऋषिकेश की ओर से आयोजित शिविर में एम्स ऋषिकेश और परिवर्तन ग्रुप की टीम ने प्रतिभाग कर रक्तदान के पुनीत कार्य में सहयोग दिया।
शिविर में दोनों रक्तकोषों के लिए कुल 91 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
एसएम शक्ति फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष सीमा मिश्र ने बताया कि स्वर्गीय शिवमोहन मिश्र की स्मृति में प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है।
शिविर के आयोजन को सफल बनाने में नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने विशेष प्रयास किए। इस अवसर पर ललित मोहन मिश्र ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को आगे आकर इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश देने का प्रयास किया गया। एम्स ऋषिकेश और परिवर्तन ग्रुप की टीम की सहभागिता से आयोजन को महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
आयोजकों ने रक्तदान शिविर में सहयोग देने वाली सभी टीमों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर सीमा कोठारी, सीमा सहगल, रुचिरा, रुचि भट्ट, महेश किंगर, नवीन गांधी, शिवम अग्रवाल, अक्षत चौहान, जयेंद्र रमोला, राकेश सिंह, जगमीत सिंह और अभिषेक शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।