नाबालिग से दुष्कर्म और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने वाला गिरफ्तार, होटल के कमरे में वारदात का आरोप, पीड़िता पर मिलने का बना रहा था दबाव; ऋषिकेश पुलिस ने घर के बाहर से दबोचा
नाबालिग से दुष्कर्म और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने वाला गिरफ्तार,
होटल के कमरे में वारदात का आरोप, पीड़िता पर मिलने का बना रहा था दबाव; ऋषिकेश पुलिस ने घर के बाहर से दबोचा
ऋषिकेश, 14 सितंबर। नाबालिग किशोरी को तपोवन बुलाकर नशीला पदार्थ देने, होटल के कमरे में उसके साथ दुष्कर्म करने तथा आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर सार्वजनिक करने की धमकी देने के गंभीर मामले में ऋषिकेश पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार शाम नेहरूग्राम स्थित उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र 20 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गंगानगर निवासी महिला ने 24 अगस्त को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री को आरोपी अखिलेश ने तपोवन बुलाया और कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर होटल के कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां उसने किशोरी के साथ जबरदस्ती की। इस दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। बाद में इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर किशोरी पर दबाव बनाया गया। आरोप है कि आरोपी फोन और मैसेज के माध्यम से भी उसे मिलने के लिए दबाव डाल रहा था।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में पॉक्सो अधिनियम की धाराओ तथा बाल किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को आरोपी की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अखिलेश उर्फ अक्की अपने नेहरूग्राम स्थित घर पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी अखिलेश उर्फ अक्की पुत्र स्व. जितेंद्र नौटियाल, निवासी लेन नंबर-5, इंद्रानगर, नेहरूग्राम, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून, उम्र 20 वर्ष को उसके घर के बाहर से शाम 6:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।