जनपद देहरादून में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: प्रशासन हाई अलर्ट पर
देहरादून, 5 अगस्त। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जनपद देहरादून में 5 और 6 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ऑरेंज अलर्ट के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति भी नहीं दी जाएगी, ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके। प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन से जुड़े नोडल अधिकारियों तथा संबंधित एजेंसियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी स्थान पर सड़कें बाधित होती हैं तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत सुचारु कराया जाए। वहीं नगर निकायों को नालियों और कल्वर्टों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के लिए कहा गया है। सभी थाना और पुलिस चौकियों को भी आपदा राहत उपकरणों एवं वायरलेस संचार व्यवस्था के साथ हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन हर समय चालू रखने तथा टॉर्च, बरसाती, हेलमेट सहित आवश्यक उपकरण अपने वाहनों में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी क्षेत्र में लोग फंसते हैं तो उनके लिए तत्काल खाद्य सामग्री, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तुरंत जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 7534820006, 0135-2720000, 0135-2620006 या टोल फ्री नंबर 1077 पर देने की अपील की है।