धामी सरकार ने 26 विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 22.15 करोड़ रुपये सड़क, नाली निर्माण से लेकर मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पेयजल सुविधाओं के विस्तार तक होंगे कार्य,
धामी सरकार ने 26 विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 22.15 करोड़ रुपये
सड़क, नाली निर्माण से लेकर मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पेयजल सुविधाओं के विस्तार तक होंगे कार्य,
देहरादून 3 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास एवं निर्माण से जुड़े 26 कार्यों के लिए कुल 22 करोड़ 15 लाख 32 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। स्वीकृत कार्यों में सड़क एवं नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, तारबाड़, धार्मिक एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, पेयजल सुविधाओं के विस्तार और विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत धनराशि में सबसे बड़ा हिस्सा देहरादून जनपद के मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए दिया गया है। यहां कुल 8.96 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी में आंतरिक सड़क, नाली निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 89.44 लाख रुपये, कैनाल रोड जाखन नगर के वार्ड संख्या सात के लिए 82.29 लाख, मालसी के वार्ड संख्या एक के लिए 60.91 लाख, गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या छह नागेश्वर के लिए 78.92 लाख तथा वार्ड संख्या सात संजय विहार के लिए 39.97 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या पांच टपकेश्वर के लिए 62.36 लाख, वार्ड संख्या चार रोजपुर रोड के लिए 84.48 लाख, वार्ड संख्या छह दून विहार के लिए 96.75 लाख, वार्ड संख्या 10 डोभालवाला के लिए 76.62 लाख, घोरणखास के लिए 79.71 लाख, वार्ड संख्या 12 किशननगर के लिए 50.08 लाख तथा वार्ड संख्या 11 विजय कॉलोनी के लिए 94.65 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन क्षेत्रों में आंतरिक सड़कों, नालियों और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों का निर्माण किया जाएगा।
पिथौरागढ़ जनपद में चार विकास कार्यों के लिए 3.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्रामसभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण के लिए 86.45 लाख, धारचूला के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल निर्माण के लिए 79.49 लाख, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड विण की ग्रामसभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए 84.94 लाख तथा डीडीहाट की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
अल्मोड़ा जनपद में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ के लिए 45.63 लाख रुपये तथा जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के समीप सिद्धेश्वर मंदिर उधाण के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए 58.248 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी करने का शासनादेश भी जारी किया गया है।
चम्पावत जनपद में धार्मिक एवं मेला स्थलों के विकास के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है। ग्राम मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख, ग्राम पंचायत खटोली के भगवती मेला स्थल के लिए 50 लाख तथा ग्राम पंचायत बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के शासनादेश जारी किए गए हैं। वहीं, लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा एवं ध्यान केंद्र निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
टिहरी गढ़वाल जनपद के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड कीर्तिनगर स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
हरिद्वार जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 99.44 लाख रुपये तथा लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 123.46 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं, पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए विद्युत पोल स्थापना, लाइन निर्माण एवं लाइन शिफ्टिंग के कार्यों पर 344.04 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और स्थानीय लोगों को आवागमन, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं में लाभ मिलने की उम्मीद है।