शहीद ऊधम सिंह का बलिदान राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की अमिट मिसाल: पुष्कर सिंह धामी
गदरपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने अखंड पाठ में भाग लिया और गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का सबसे दुखद और काला अध्याय था, जिसका प्रतिकार कर ऊधम सिंह ने पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का त्याग हर भारतीय के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करता है और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं, जो पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।