दुकान पर कब्जे के विवाद ने पकड़ा तूल, पुलिस ने तीन युवकों को किया गिरफ्तार
ऋषिकेश 30 जुलाई । वीरभद्र रोड स्थित साई मेडिकोज पर दुकान के कब्जे को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर शांति भंग की धाराओं में चालान किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली कि वीरभद्र रोड स्थित साई मेडिकोज के मालिक प्रदीप सेमवाल और तीन युवकों के बीच दुकान पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद अभिषेक (22 वर्ष), पुत्र मनोज कुमार, निवासी गली नंबर-10, आवास विकास, ऋषिकेश।,अक्षित (19 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय अजय कुमार, निवासी पशुलोक विस्थापित, आईडीपीएल, ऋषिकेश तथा दिक्षे (22 वर्ष), पुत्र गुलशन, निवासी बी-34, रामगढ़, दिल्ली को पुलिस ने कई बार समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत नहीं हुए। पुलिस के मुताबिक तीनों युवक विवाद के दौरान दुकान मालिक के साथ मारपीट पर उतारू हो गए, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया और किसी भी समय अप्रिय घटना होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों का शांति भंग में चालान कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।