कांवड़ मेला-2026 की तैयारियां तेज: श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एसपीओ के साथ पुलिस की समन्वय बैठक
ऋषिकेश, 24 जुलाई। आगामी कांवड़ मेला-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर ऋषिकेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कोतवाली ऋषिकेश परिसर में प्रभारी निरीक्षक
की अध्यक्षता में स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसपीओ को मेले के दौरान उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करने, पार्किंग स्थलों पर सहयोग करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारी को देने के लिए भी कहा गया।
बैठक के दौरान उपस्थित एसपीओ से उनके सुझाव और अनुभव भी साझा किए गए। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कांवड़ मेले के सफल संचालन में स्थानीय स्तर पर एसपीओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। पुलिस और एसपीओ के बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
बैठक के अंत में सभी एसपीओ ने कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ उत्तराखंड पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया।