ऋषिकेश में दो चोरियो का हुआ खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
ऋषिकेश, 18 जुलाई। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए हरियाणा के सोनीपत निवासी दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल 2026 को हरिद्वार रोड स्थित कृष्णा मिष्ठान भण्डार का शटर तोड़कर करीब 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी। इसके बाद 23 जून 2026 को देहरादून रोड स्थित न्यू कैलाश मेडिकल हॉल का ताला तोड़कर लगभग 23 हजार रुपये की नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए गए थे। दोनों घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं, जिसके आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने 17/18 जुलाई की रात संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर खाण्ड गांव मार्ग स्थित अंडरपास के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान विवेक गोयल (28 वर्ष), निवासी जटवाड़ा मोहल्ला, सोनीपत, हरियाणा, विक्रम (20 वर्ष), निवासी ग्राम बड़वासनी, थाना सदर, सोनीपत, हरियाणा।के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 2200 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक की एक चेकबुक, एक एटीएम कार्ड, तीन आधार कार्ड तथा एक पहचान पत्र बरामद किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी नवीन उर्फ बाली के साथ मिलकर कृष्णा मिष्ठान भण्डार और न्यू कैलाश मेडिकल हॉल में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि चोरी की अधिकांश नकदी नशे और अन्य खर्चों में खर्च कर दी गई। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वृद्धि करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। वहीं फरार आरोपी नवीन उर्फ बाली की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।