आईडीपीएल गोलचक्कर से 7.43 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
ऋषिकेश, 15 जुलाई। नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने एक युवक को 7.43 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 जुलाई को पुलिस टीम ने आईडीपीएल गोलचक्कर क्षेत्र में गश्त एवं आकस्मिक चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7.43 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान आदि पुत्र सरगम नाथ (19 वर्ष), निवासी गली नंबर-16, काले की ढाल, ऋषिकेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार बरामद पदार्थ की जांच क्राइम डिटेक्शन किट से की गई, जिसमें उसके स्मैक होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कबाड़ बेचने का काम करता है और अधिक पैसे कमाने के लालच में स्मैक बेचने के धंधे में शामिल हो गया था। उसने बताया कि वह स्मैक को क्षेत्र में बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहा था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने यह स्मैक काले की ढाल क्षेत्र के एक व्यक्ति से प्राप्त की थी।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
ऋषिकेश पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।