वीरभद्र मंदिर से ग्राफिक एरा हॉस्पिटल के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू
ऋषिकेश, 02 जुलाई। क्षेत्रीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत वीरभद्र महादेव मंदिर परिसर से ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून के लिए निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ किया गया। स्वामी चिदानन्द सरस्वती मुनि ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर बताया गया कि यह बस प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार को प्रातः 8:30 बजे वीरभद्र महादेव मंदिर से मरीजों और जरूरतमंद लोगों को लेकर ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून जाएगी, जहां ओपीडी में उनका पूर्णतः निःशुल्क उपचार किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती मुनि ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा हॉस्पिटल द्वारा शुरू की गई यह बस सेवा देवभूमि की जनता के लिए वरदान साबित होगी। निःशुल्क उपचार भगवान की सेवा के समान है तथा मंदिर से अस्पताल तक की यह यात्रा आस्था से आरोग्य तक की यात्रा है।
वीरभद्र महादेव मंदिर के प्रबंधक रघुवीर गिरी महाराज ने कहा कि महादेव के आंगन से जनसेवा का यह कार्य प्रारंभ होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर से बस संचालन होने से क्षेत्र के बुजुर्गों, माताओं और बहनों को सीधा लाभ मिलेगा तथा मंदिर समिति इस सेवा में पूरा सहयोग करेगी।
नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने कहा कि यह बस सेवा क्षेत्र की जनता के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नियमित बस संचालन से जरूरतमंद लोगों को देहरादून जाकर इलाज कराने में काफी सुविधा मिलेगी।
भाजपा जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण जनहित की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और क्षेत्र के लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में लायंस क्लब के नरेंद्र चौहान, साकेत उनियाल, मोहन सिंह बिष्ट, प्रोफेसर बी.एस. बिष्ट, डॉ. सुभाषु सिंह, कुलदीप सिंह, जुगल रेसले, गौरव उनियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।