पुलिस सेटिंग’ के नाम पर कारोबारी से रंगदारी वसूली, ऋषिकेश पुलिस ने तीन और आरोपी दबोचे ₹2 लाख की शुरुआती वसूली के बाद मांग रहे थे 20–25 लाख, घटना में बांटी गई रकम और मोबाइल फोन बरामद
‘पुलिस सेटिंग’ के नाम पर कारोबारी से रंगदारी वसूली, ऋषिकेश पुलिस ने तीन और आरोपी दबोचे
₹2 लाख की शुरुआती वसूली के बाद मांग रहे थे 20–25 लाख, घटना में बांटी गई रकम और मोबाइल फोन बरामद
ऋषिकेश 14 मई। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने कारोबारी को गंभीर मुकदमों में फंसाने का भय दिखाकर संगठित रंगदारी वसूली करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में बांटी गई नकदी और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गंगानगर निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता ने 10 मई 2026 को तहरीर देकर बताया था कि कुछ लोग उन्हें और उनके परिवार को हत्या के प्रयास एवं लूट जैसे गंभीर मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर लगातार दबाव बना रहे थे। मुख्य आरोपी अनुज गोयल खुद को पुलिस से “सेटिंग” वाला बताकर मामले को दबाने के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था। भय और दबाव के चलते आरोपियों ने पीड़ित से शुरुआती तौर पर ₹2 लाख वसूल लिए थे, जबकि शेष रकम की मांग लगातार जारी थी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 181/2026 धारा 318(4), 308(3), 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल्स और मुखबिर तंत्र की सहायता से मामले की जांच की। इससे पहले पुलिस मुख्य साजिशकर्ता अनुज गोयल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। विवेचना के दौरान अन्य सहयोगियों की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने लगातार दबिश देकर 13 मई को देहरादून रोड फ्लाईओवर क्षेत्र से तीन और आरोपियों 1.अंशुल पुत्र मुकेश, निवासी वाल्मीकि नगर, रेलवे रोड ऋषिकेश, उम्र 28 वर्ष, 2.विवेक कुमार पुत्र महेंद्र कुमार, निवासी वाल्मीकि नगर, रेलवे रोड ऋषिकेश, उम्र 25 वर्ष, 3. आदित्य कुमार पुत्र महेश कुमार सिंह, मूल निवासी सुरजननगर ठाकुरद्वारा मुरादाबाद, हाल निवासी मालवीय नगर रेलवे रोड ऋषिकेश, उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मुख्य आरोपियों के साथ मौजूद थे और वसूली गई रकम का हिस्सा आपस में बांटा गया था। पुलिस ने आरोपी अंशुल से ₹5 हजार, विवेक कुमार से ₹2 हजार और आदित्य कुमार से ₹2 हजार नकद बरामद किए। बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई।