

![]()
जुआरियों पर कार्रवाई में जुटी रही पुलिस,आईडीपीएल पुलिस चौकी के पास शोरूम से चोर 40 लाख का माल ले उड़े
ऋषिकेश, 6 नवंबर। तीर्थनगरी ऋषिकेश में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात चोरों ने आईडीपीएल पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित सिटी गेट के पास एक मोबाइल शोरूम को निशाना बनाते हुए 40 लाख रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल फोन, आईपैड और लैपटॉप चोरी कर लिए। मुख्य सड़क पर और पुलिस चौकी के नजदीक हुई इस बड़ी चोरी की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के आईडीपीएल सिटी गेट स्थित मोबाइल शोरूम के संचालक बीती रात करीब दो बजे दुकान की लाइटिंग और सजावट का काम पूरा कर घर चले गए थे।
इसके बाद देर रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया और वहां रखे कीमती मोबाइल फोन, आईपैड और लैपटॉप लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए सामान की कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
शुक्रवार सुबह जब गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड के नाम से दुकान स्वामी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए बिक्री के लिए मंगाए गए नए मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो चुका है। इसके बाद दुकान स्वामी ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
दुकान स्वामी ने मुख्य मार्ग और पुलिस चौकी के नजदीक हुई इतनी बड़ी चोरी पर पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि दुकान आईडीपीएल पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित है। यदि रात में पुलिस की नियमित गश्त होती तो चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते और इस वारदात को रोका जा सकता था।
गौरतलब है कि बीती रात ऋषिकेश पुलिस जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी रही, वहीं दूसरी ओर चोरों ने पुलिस चौकी के नजदीक ही लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दे दिया। फिलहाल चोरी की इस बड़ी वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


