

![]()
ऋषिकेश 6 नवंबर। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने भरत विहार क्षेत्र में संचालित जुए के एक अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 208 ताश के पत्ते और लाखों रुपये की नकदी बरामद की है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि 5 नवंबर की रात उपनिरीक्षक कविंद्र राणा पुलिस टीम के साथ सरकारी वाहन से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भारत विहार ऋषिकेश में गगन बर्तवाल नामक व्यक्ति अपने फ्लैट में जुए का अड्डा संचालित कर रहा है। फ्लैट में बाहर से लोग आकर जुआ खेलते हैं और उस समय भी कई लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस ने चौकी प्रभारी अमित कुमार और उपनिरीक्षक विनेश कुमार सहित पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस टीम ने भारत विहार गेट पर पहुंचकर बताए गए फ्लैट पर छापा मारा। फ्लैट की पांचवीं मंजिल पर पहुंचने पर दरवाजा खुला मिला। अंदर से ताश के पत्तों की बाजी लगाने और बातचीत की आवाजें सुनाई दे रही थीं। पुलिस ने अंदर प्रवेश किया तो आठ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाते हुए मिले।
पुलिस ने मौके से आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें एक पार्षद पति भी शामिल है गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल निवासी बैराज रोड ऋषिकेश, अरविंद कुमार निवासी मनीराम रोड देहरादून, विवेक निवासी शिवाजी नगर ऋषिकेश, प्रशांत कुमार निवासी भरत विहार ऋषिकेश, प्रवीण निवासी विस्थापित क्षेत्र ऋषिकेश, गगन बर्तवाल निवासी भारत विहार ऋषिकेश, सुधीर कांत निवासी आवास विकास ऋषिकेश और एकांत गोयल निवासी गंगानगर ऋषिकेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 208 ताश के पत्ते बरामद किए। इसके अलावा नकदी भी जब्त की गई। बरामद ताश के पत्तों को चार अलग-अलग डिब्बों में सुरक्षित रखा गया, जबकि नकदी को पारदर्शी डिब्बे में रखकर सीलबंद किया गया। पुलिस ने मौके पर बरामदगी की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई।
कोतवाली पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के विरुद्ध सार्वजनिक जुआ अधिनियम, के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


