बिना लाइसेंस पटाखा दुकानें चलाने पर रोक, ऋषिकेश में प्रशासन की छापेमारी, तहसीलदार के नेतृत्व में पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने किया दुकानों का निरीक्षण, तीन विक्रेताओं को लाइसेंस मिलने तक दुकानें संचालित न करने के निर्देश
बिना लाइसेंस पटाखा दुकानें चलाने पर रोक, ऋषिकेश में प्रशासन की छापेमारी,
तहसीलदार के नेतृत्व में पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने किया दुकानों का निरीक्षण,
तीन विक्रेताओं को लाइसेंस मिलने तक दुकानें संचालित न करने के निर्देश
ऋषिकेश, 29 अक्टूबर। दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऋषिकेश में प्रशासन और पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है।
गुरुवार को तहसीलदार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने पटाखों की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों के लाइसेंस और बिक्री से संबंधित आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दो दुकानदारों के पास पटाखों की बिक्री के लिए पांच वर्षीय लाइसेंस मिले, जबकि कुछ दुकानदारों ने लाइसेंस के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने की रसीद प्रस्तुत की। इस पर तहसीलदार ने संबंधित तीन दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लाइसेंस प्राप्त किए बिना पटाखों की दुकानें संचालित न करें।
उन्होंने लाइसेंस जारी होने के बाद ही दुकान चलाने की हिदायत दी। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों के क्रम में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली के दौरान अवैध रूप से पटाखों की बिक्री रोकना और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से पटाखा दुकानों की जांच जारी रहेगी। तहसीलदार ने पटाखा विक्रेताओं को नियमानुसार लाइसेंस प्राप्त करने और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए ही पटाखों की बिक्री करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री या अन्य अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।