श्रीनगर-देवप्रयाग हाईवे पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का सीएम धामी ने लिया जायजा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का रखें विशेष ध्यान, सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में बरतें सतर्कता: पुष्कर सिंह धामी
श्रीनगर-देवप्रयाग हाईवे पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का सीएम धामी ने लिया जायजा
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का रखें विशेष ध्यान, सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में बरतें सतर्कता: पुष्कर सिंह धामी
ऋषिकेश/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में विधानसभा सत्र के बाद देहरादून लौटते समय श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित इंजीनियरों से कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़कें आवागमन का प्रमुख माध्यम होने के साथ ही पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक उपचारात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जानी चाहिए।
टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण हों निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य की सफलता उसकी गुणवत्ता, समयबद्धता और उपयोगिता पर निर्भर करती है। इसके लिए संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि पहाड़ी के उपचारात्मक कार्य प्रभावी और टिकाऊ साबित हों। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने तथा तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप सभी जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया।
इंजीनियरों और श्रमिकों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर कार्य कर रहे इंजीनियरों और श्रमिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि तकनीकी विशेषज्ञों, इंजीनियरों और श्रमिकों के समर्पण, परिश्रम और दक्षता से ही विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जाता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंजीनियरों और श्रमिकों के साथ फोटो भी खिंचवाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क सुविधाओं को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुधार एवं उपचारात्मक कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।