आधी रात जानकी सेतू गंगा के बीच फंसी 19 साल की जिंदगी,
एसडीआरएफ बनी संकटमोचक
ऋषिकेश, 14 सितंबर। जानकी सेतु के पास गंगा नदी के बीच बने टापू में फंसे 19 वर्षीय युवक को एसडीआरएफ की टीम ने देर रात साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। युवक को रेस्क्यू के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार देर रात चौकी ढालवाला से एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला को सूचना मिली कि जानकी सेतु के समीप नदी के बीच बने टापू पर एक युवक फंस गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने विषम परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी के बीच टापू तक सुरक्षित पहुंच बनाई। टीम के जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए टापू पर फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान आयुष भंडारी (19), पुत्र कुलदीप भंडारी, निवासी कर्णप्रयाग, जनपद चमोली के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एसडीआरएफ की तत्परता और कुशल रेस्क्यू कार्रवाई के चलते युवक को समय रहते सुरक्षित नदी से बाहर निकाला जा सका।