पैतृक संपत्ति विवाद में सड़क पर हंगामा कर रहे युवक पर पुलिस ने की कार्रवाई
ऋषिकेश, 20 जुलाई। पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच सड़क पर हंगामा कर रहे एक युवक के खिलाफ ऋषिकेश पुलिस ने शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उसका चालान किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया।
कोतवाली ऋषिकेश से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि श्यामपुर क्षेत्र में एक युवक सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करते हुए उत्पात मचा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अंकुर पुत्र विशाल सिंह (26 वर्ष), निवासी प्रेम विहार कॉलोनी, गढ़ी रोड, श्यामपुर सड़क पर हंगामा करता मिला।
मौके पर मौजूद सुषुमलता अमोली अपने घर के बाहर खड़ी थीं और युवक के व्यवहार से भयभीत दिखाई दे रही थीं। पुलिस ने अंकुर को शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। आरोप है कि वह उत्तेजित होकर महिला के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गया।
सुषुमलता ने पुलिस को बताया कि एक दिन पूर्व 18 जुलाई को भी अंकुर ने उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की थी, जिसकी शिकायत उन्होंने श्यामपुर चौकी में दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया और वह लगातार विवाद को बढ़ावा दे रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आचरण सार्वजनिक शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन रहा था। इसके चलते उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए शाम 5:30 बजे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसका चालान कर नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।