गंगा में नहाते समय होटल शेफ डूबा, 20 फीट गहराई से शव किया बरामद
ऋषिकेश, 15 अप्रैल । लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के मस्तराम घाट के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक के डूबने की दुखद घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया और युवक का शव बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 02:34 बजे थाना लक्ष्मण झूला से सूचना मिली कि मस्तराम घाट के समीप गंगा में स्नान करते समय एक व्यक्ति डूब गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ढालवाला तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने बिना समय गंवाए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्कूबा डाइविंग के माध्यम से गंगा नदी में गहन तलाशी ली गई। इस दौरान डीप डाइवर प्रदीप रावत ने लगभग 20 फीट गहराई में जाकर सर्चिंग की और कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को बरामद किया।
मृतक की पहचान सूरज सिंह (उम्र लगभग 25 वर्ष) पुत्र माधव सिंह, निवासी पट्टी वौरमला, भौनखाल, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद उसके दो साथियों ने बताया कि सूरज सिंह पास के एक होटल में शेफ के रूप में कार्य करता था और स्नान के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से डूब गया।
एसडीआरएफ टीम ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में एसआई सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में रमेश उनियाल, प्रदीप रावत, सुमित नेगी, यशपाल और रवींद्र शामिल रहे। टीम की त्वरित कार्रवाई और समर्पण के चलते शव को शीघ्र बरामद कर लिया गया।