मध्यप्रदेश के परिजनों से संपर्क कर 14 वर्षीय बालिका को सकुशल सौंपा
ऋषिकेश, 15 अप्रैल। त्रिवेणी घाट क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए मिलने पर ऋषिकेश पुलिस ने उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अप्रैल को त्रिवेणी घाट क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को एक 14 वर्षीय बालिका अकेली घूमती हुई दिखाई दी। बालिका की स्थिति संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने बिना देर किए उसे संरक्षण में लेकर थाने पहुंचाया और उससे पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान बालिका ने अपना नाम कु० गायत्री पुत्री नाहटिया मकवाना, निवासी ग्राम परवलिया, तहसील थांदला, जिला झाबुआ (मध्यप्रदेश) बताया। उसने बताया कि वह बिना किसी को सूचित किए घर से निकलकर ऋषिकेश आ गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बालिका के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलते ही बालिका के पिता नाहटिया मकवाना एवं माता मंगली देवी थाना पहुंचे। पुलिस द्वारा आवश्यक सत्यापन और पूछताछ के बाद बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
समय रहते उठाए गए कदमों के कारण एक संभावित अनहोनी को टाला जा सका और बालिका को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया जा सका।