![]()
मुनिकीरेती 30 सितंबर। 14 बीघा ढालवाला क्षेत्र के घरों में लगातार पेयजल बिलों में अनियमितता और पानी के मीटर खराब होने की शिकायतों को लेकर बुधवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सभासदों एवं क्षेत्रीय जनता के साथ पेयजल निगम देहरादून के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्रवासियों ने पेयजल बिलों में आ रही गड़बड़ियों और खराब मीटरों की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में पेयजल निगम के एएक्सएन, एई और जेई के समक्ष लोगों ने समस्याएं रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष, सभासदों एवं क्षेत्रीय जनता की ओर से अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर पेयजल बिलों की अनियमितता और खराब मीटरों की समस्या का ठोस समाधान करने की मांग की गई।
क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से पेयजल बिलों में अनियमितता की शिकायतें सामने आ रही हैं, जबकि कई घरों में पानी के मीटर भी खराब हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पेयजल निगम के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा और पानी के मीटर निगम के कार्यालय में जमा कराए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण, लक्ष्मण भंडारी, विनोद सकलानी, स्वाति पोखरियाल, सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला, सचिन पैन्यूली, अरविंद नेगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
