नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, शराब पिलाकर वारदात का आरोप,
ऋषिकेश, 2 सितंबर। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका घटना में पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी कि 16 वर्षीय नाबालिग 1 जुलाई को अपनी परिचित युवती के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में गई थी। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने दोनों को शराब पिलाई और नाबालिग के नशे की स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किया। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शिवम उर्फ शुभम, गोविन्द और दीपक उर्फ डीपी को पूछताछ के लिए तलब किया।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि 30 जून और 1 जुलाई की मध्यरात्रि को आरोपियों ने नाबालिग और उसकी परिचित युवती को आईडीपीएल स्थित एक गोदाम में बुलाया था, जहां उन्हें शराब पिलाई गई। आरोप है कि नाबालिग के अत्यधिक नशे की स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किया गया। विवेचना में गोविन्द और दीपक उर्फ डीपी की भूमिका यौन अपराध में, जबकि शिवम उर्फ शुभम की भूमिका नाबालिग को अपने साथ लाने और कथित षड्यंत्र में शामिल होने के रूप में सामने आई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए तीनों आरोपियों शिवम उर्फ शुभम (19) पुत्र पवन कुमार, निवासी इब्राहिमपुर, रामपुर, रुड़की, हरिद्वार, दूसरा गोविन्द (21) पुत्र खेमचन्द, निवासी ग्राम श्यामनगर, सुनहैरा, रुड़की, हरिद्वार, और तीसरा दीपक उर्फ डीपी (20) पुत्र सेवाराम, निवासी ग्राम सुनहैरा, रुड़की, हरिद्वार।को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।