
![]()
ऋषिकेश, 15 अगस्त। ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया टाटा स्पेशियो वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त की रात सुनील पोखरियाल निवासी ढालवाला, मुनिकीरेती का टाटा स्पेशियो वाहन संख्या UK01TA2069 ऋषिकेश बस अड्डे के पास खड्डा पार्किंग क्षेत्र से चोरी हो गया था। शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 368/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। 14 अगस्त की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किया गया वाहन आईडीपीएल क्षेत्र के एक खाली मैदान के पास मौजूद है और चालक उसे कहीं ले जाने की तैयारी में है।
सूचना पर पुलिस टीम ने आईडीपीएल क्षेत्र में बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक सफेद रंग का वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने अचानक यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम सागर थापा (30) पुत्र राजू थापा, निवासी नवोदय नगर, थाना सिडकुल, हरिद्वार बताया। वाहन की जांच में उसकी आगे और पीछे की नंबर प्लेट गायब मिली। चेसिस नंबर की ई-चालान मशीन से जांच करने पर वाहन चोरी गए टाटा स्पेशियो UK01TA2069 का ही होना पाया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 6 अगस्त की रात ऋषिकेश बस अड्डे के पास खड्डा पार्किंग से वाहन चोरी किया था। कांवड़ मेले के चलते जगह-जगह पुलिस चेकिंग होने के कारण उसने वाहन को लेबर कॉलोनी क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर छिपा दिया था। वाहन की पहचान छिपाने के लिए दोनों नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थीं। बाद में वाहन को वहां से दूसरी जगह ले जाने की कोशिश के दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
आरोपी के कब्जे से चोरी का वाहन बरामद होने के बाद मुकदमे में बढ़ोतरी की गई। आरोपी को मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करता है। उसने यह भी बताया कि उसकी नशे की आदतों के चलते परिजनों ने उसे घर से अलग कर दिया है।


