काले की ढाल मारपीट प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश
ऋषिकेश, 22 मई। काले की ढाल स्थित आईडीपीएल क्षेत्र में हरियाणा से घूमने आए युवकों के साथ मारपीट, जानलेवा हमला और वाहन तोड़फोड़ के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 20 मई को थाना ऋषिकेश क्षेत्र के काले की ढाल, आईडीपीएल में बाहरी राज्य से आए पर्यटकों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस संबंध में हरियाणा के कैथल जनपद के थाना पुंडरी क्षेत्र निवासी सतवीर पुत्र देवा सिंह ने अपने साथियों सोनू, सतीश कुमार, प्रदीप कुमार और विक्रम सिंह के साथ थाना ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
तहरीर में बताया गया कि सभी युवक वाहन संख्या HR08AL-9393 (हुंडई वेन्यू) से ऋषिकेश घूमने आ रहे थे। काले की ढाल क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई गलतफहमी के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पर्यटकों के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। साथ ही उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार सुरागरसी, पतारसी और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भरत विहार ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र में दबिश देकर घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों अशोक थापा (47 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय नरबहादुर, निवासी गली नंबर-2, काले की ढाल, आईडीपीएल, थाना ऋषिकेश। और नरेश कश्यप (41 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय नत्थू सिंह, निवासी काले की ढाल, आईडीपीएल, थाना ऋषिकेश।को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है तथा विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।