ऋषिकेश योग नगरी रेलवे स्टेशन के समीप अनियंत्रित ट्रेन पटरी से उतर दीवार से टकराई, 3 बोगियां हुई क्षतिग्रस्त ,
ऋषिकेश 19 मई। ऋषिकेश योग नगरी रेलवे स्टेशन के नजदीक खांड गांव में एक ट्रेन अनियंत्रित होकर ट्रैक से नीचे उतर गई और सामने दीवार से जाकर टकरा गई जिससे तीन बोगियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, घटना के समय ट्रेन में केवल लोको पायलट मौजूद था। गनीमत यह रही की इस भीषण दुर्घटना में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि यह ट्रेन उज्जैनी एक्सप्रेस 4317 थी। जो की योग नगरी रेलवे स्टेशन ऋषिकेश से सुबह 6:00 बजे अपने गंतव्य को रवाना होनी थी।
सोमवार रात्रि करीब 9:23 पर ट्रैक बदलने के दौरान उज्जैनी एक्प्रेस अचानक ट्रैक बदलते समय पटरी से उतर गई जिसमें ट्रेन की तीन बोगियां बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई । और एक बोगी करीब 20 फुट ट्रैक से बाहर हवा में लटक गई। इस दुर्घटना के समय ट्रेन में केवल लोको पायलट मौजूद था, जो कि पूरी तरह सुरक्षित है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस व अधिकारी मौके पर पहुंच गए। और रेलवे की तकनीकी टीम द्वारा क्षतिग्रस्त बोगियों को ट्रैक से हटाने और रेलवे संचालन को सामान्य करने में जुट गई।
घटना के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
देर रात रेलवे यार्ड में नियमित शंटिंग कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेन की रफ्तार बढ़ गई और देखते ही देखते वह नियंत्रण से बाहर हो गई। कुछ दूरी तक तेज गति से दौड़ने के बाद ट्रेन पटरी छोड़कर किनारे जा चढ़ी और जोरदार धमाके के साथ दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के क्षेत्र में तेज आवाज सुनाई दी, जिससे लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, तकनीकी टीम और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराया तथा एहतियात के तौर पर ट्रैक पर आवाजाही रोक दी गई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक और डिब्बों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में शंटिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है
सवाल यह भी उठ रहे हैं कि यदि यह घटना आबादी क्षेत्र में हो जाती तो कितनी बड़ी जनहानि हो सकती थी, रेलवे प्रशासन को आबादी क्षेत्र से लगे हुए ट्रेन ट्रैक के आसपास पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर निगरानी रखनी चाहिए। साथ ही यदि ट्रेन में यदि यात्री मौजूद रहते तो कितनी बड़ी जनहानि हो सकती थी। इस संबंध में सभी क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन से निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग किया जिससे कि इस तरह की घटना की भविष्य में पुनरावृत्ति ना हो।
इस संबंध में रेलवे अधिकारी ने बताया की इस दुर्घटना मैं किसी भी तरह की कोई जनहानि व घायल होने की सूचना नहीं मिली है। तकनीकी टीमों द्वारा दुर्घटना की जांच की जांच की जा रही है।