उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने भाजपा नेत्री की ओर से कराए गए मुकदमो को बताया सरासर झूठा, भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कपड़े फाड़ कर कैसे कर सकते हैं लज्जा भंग, 24 घंटे में मुकदमे वापस न लेने पर आंदोलनरत हो लेंगे मानवाधिकार आयोग की शरण
ऋषिकेश 21 मार्च। ऋषिकेश में होली के अवसर पर तत्कालीन कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के होली मिलन कार्यक्रम के बाहर प्रदर्शन कर रहे 6 लोगों के खिलाफ भाजपा नेत्री के द्वारा मुकदमे दर्ज कराए जाने पर उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा द्वारा नाराजगी जताई गई है। उनके द्वारा मुकदमों को सरासर झूठा बताया गया है।
आईएसबीटी ऋषिकेश में स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के पदाधिकारीयो द्वारा पत्रकारों को बताया गया कि गत 11 मार्च को तत्कालीन कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा सदन में दी गई अभद्र टिप्पणी को लेकर श्यामपुर राणा फॉर्म में स्थित होली मिलन कार्यक्रम में सम्मिलित होने पहुंचे प्रेमचंद अग्रवाल की सूचना पर उनके द्वारा कार्यक्रम के बाहर सड़क पर शांतिपूर्ण रूप से प्रदर्शन किया जा रहा था। की तभी भाजपा नेत्री ने सुनियोजित तरीके से वहां पर पहुंच कर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारी लोगों से उलझने लगी। जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध है।
उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के पदाधिकारीयो का यह भी कहना है कि 11 मार्च को उस घटनास्थल पर भारी पुलिस बल के मौजूद होते हए भाजपा महिला नेत्री द्वारा 6 आंदोलनकारियों हिमांशु पवार, दिनेश चंद्र मास्टर, बॉबी रागढ़, लालमणि रतूड़ी ,सीताराम राणा कोटी, वीरेंद्र बिष्ट पर छेड़छाड़ व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें उन्होंने अपने साथ प्रदर्शनकारियो द्वारा गाली गलौज और उनके कपड़े फाड़कर उनकी लज्जा भंग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा महिला नेत्री पर आरोप लगाते हए कहा कि इतनी भारी पुलिस फोर्स के बीच इस तरह की घटना को अंजाम दिया जाना सवालिया निशान उठाता है। उन्होंने कहा कि महिला की तहरीर के आधार पर रायवाला थाने में पुलिस द्वारा तत्कालीन कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के दबाव में यह मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि यदि पुलिस द्वारा इन झूठे मुकदमों को 24 घंटे के अंदर वापस नहीं लेती है तो उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा को आंदोलनरत होकर मानवाधिकार आयोग की शरण में जाना पड़ेगा।
पत्रकार वार्ता में एडवोकेट लालमणि रतूड़ी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बॉबी रांगढ़ शर्मिला देवी, सुधीर राय रावत, हिमांशु पंवार, सीताराम रणाकोटी, आशुतोष शर्मा, पुष्पा रावत, राहुल रावत, कुसुम जोशी आदि मौजूद रहे।