![]()
ऋषिकेश , 14 दिसंबर । धर्मनगरी हरिद्वार से तीर्थ नगरी ऋषिकेश आने वाली ट्रेन में अज्ञात लुटेरों ने हथियारों के बल पर आधा दर्जन से अधिक यात्रियों से लूटपाट कर उनके मोबाइल व नगदी छिन लिए जाने की घटना के बाद फरार हो जाने पर जी आरपी पुलिस ने छानबीन प्रारंभ कर दी है।
उक्त घटना का पता उस समय चला जब ट्रेन ऋषिकेश स्टेशन पर पहुंचीं।
यह जानकारी हरिद्वार जीआरपी के इंचार्ज अनुज सिंह ने देते हुए बताया कि धर्मनगरी हरिद्वार से सिर्फ यात्री ही नहीं लुटेरे भी ट्रेनों में सवार हो रहे हैं।कल अलसुबह हरिद्वार से चलने वाली हरिद्वार-
ऋषिकेश पैसेंजर ट्रेन में सवार हुए बदमाशों ने चलती ट्रेन में यात्रियों से लूटपाट की और फिर मोतीचूर के पास ट्रेन से उतरकर फरार हो गए। जीआरपी अब शिद्दत से बदमाशों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी में कुछ संदिग्ध लोग पहचाने भी गए हैं।जिनकी धरपकड़ में पुलिस और जीआरपी जुट गई है।
कल सुबह हरिद्वार से ऋषिकेश जा रही पैसेंजर ट्रेन के जनरल कोच में कुछ यात्री सवार थे। जैसे ही ट्रेन हरिद्वार रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी तो करीब चार-पांच युवकों ने हथियार दिखाकर यात्रियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनके मोबाइल फोन और नगदी आदि लूट ली। ट्रेन के मोतीचूर रेलवे स्टेशन पर रुकने पर बदमाश ट्रेन से कूद कर जंगल की तरफ भाग गए। यात्रियों ने ट्रेन के ऋषिकेश पहुंचने पर जीआरपी को लूटपाट होने की जानकारी दी।
हरिद्वार जीआरपी इंचार्ज अनुज सिंह ने बताया कि पांच यात्रियों से मोबाइल और नकदी लूटने की बात सामने आई है। सीसीटीवी पड़ताल में कुछ संदिग्ध चेहरे दिखाई दिये हैं।
जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ज्ञात रहे कि हरिद्वार में जीआरपी एसपी की कुर्सी भी सरिता डोबाल के उत्तरकाशी ट्रांसफर के बाद से खाली पड़ी है।
