ऋषिकेश कांग्रेस में गुटबाजी को लगाम लगाने की हुई कोशिश
ऋषिकेश 27 नवंबर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने ऋषिकेश में एकजुटता की दिशा में कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को श्यामपुर में 24 विधानसभा ऋषिकेश के संभावित प्रत्याशियों एवं पार्टी के प्रभावशाली नेताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. केएस राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी नेताओं ने संकल्प लिया कि पार्टी हाईकमान जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगा, उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी नेता एकजुट होकर काम करेंगे।
बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान एवं उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विजय सारस्वत ने कहा कि लगातार चुनावी हार के चलते कार्यकर्ताओं में जो असमंजस की स्थिति बनी है, उसे इस बार समाप्त किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व जिसे भी टिकट देगा, सभी वरिष्ठ नेता पूरी जिम्मेदारी के साथ उसके पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे और जीत के लिए एकजुट होकर प्रयास करेंगे।
पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजपाल खरोला तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. केएस राणा ने कहा कि यदि सभी नेता और कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव लड़ते हैं तो ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस की जीत निश्चित है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार ऋषिकेश में कांग्रेस का चुनावी सूखा समाप्त होगा।
सेवादल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव रामविलास रावत तथा मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष जय सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है, लेकिन ऋषिकेश विधानसभा में पार्टी के पक्ष में मजबूत वातावरण तैयार करना सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा तथा पूर्व प्रदेश सचिव एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवती प्रसाद सेमवाल ने कहा कि ऋषिकेश में प्रत्याशी का चयन सही तरीके से किया गया तो कांग्रेस की जीत की संभावनाएं मजबूत होंगी।
प्रदेश कांग्रेस सचिव सोहन लाल रतूड़ी एवं पूर्व टैक्सी यूनियन अध्यक्ष तथा उत्तराखंड प्रदेश गरीब बेघर जन कांग्रेस के संयोजक विजयपाल रावत ने कहा कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर ऋषिकेश विधानसभा की वास्तविक राजनीतिक परिस्थितियों से उन्हें अवगत कराएगा।
बैठक के अंत में पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय सारस्वत ने सभी नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि सभी वरिष्ठ नेता एकजुट होकर किसी एक प्रत्याशी को चुनाव लड़ाते हैं तो ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस की जीत का रास्ता निश्चित रूप से आसान होगा। बैठक में नेताओं ने आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती के साथ आगामी चुनाव में उतरने का संकल्प दोहराया।