81 वैदिक ब्राह्मणों ने 27 लाख आहुतियों से पूर्ण किया अतिरुद्र महायज्ञ लोककल्याण, विश्वशांति और सर्वजन सुख-शांति के संकल्प के साथ निर्विघ्न संपन्न हुआ सात दिवसीय महायज्ञ
81 वैदिक ब्राह्मणों ने 27 लाख आहुतियों से पूर्ण किया अतिरुद्र महायज्ञ
लोककल्याण, विश्वशांति और सर्वजन सुख-शांति के संकल्प के साथ निर्विघ्न संपन्न हुआ सात दिवसीय महायज्ञ
ऋषिकेश 26 सितंबर। शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम समाधि संस्थान, जनार्दन आश्रम दंडी बाड़ा, मायाकुंड ऋषिकेश में आयोजित सप्तदिवसीय अतिरुद्र महायज्ञ लोककल्याण, विश्वशांति एवं सर्वजन सुख-शांति के संकल्प के साथ निर्विघ्न संपन्न हुआ। महायज्ञ के सप्तम एवं अंतिम दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घृत धाराओं से यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न कराई गई।
महापुरुषों की पुण्य स्मृतियों को समर्पित इस महायज्ञ में 81 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा यज्ञ कुंडों में 27 लाख आहुतियां प्रदान की गईं। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान रहा।
दंडी स्वामी अनिरुद्धानंद तीर्थ महाराज के सानिध्य में आयोजित महायज्ञ के संयोजक ब्रह्मचारी केशव स्वरूप महाराज ने कहा कि यज्ञ का आयोजन जनकल्याण, आध्यात्मिक उन्नति तथा सभी के सुख, शांति और अभ्युदय की कामना के लिए किया गया था। उन्होंने कहा कि संतों के मुख्य व्रत चातुर्मास के समापन अवसर पर पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन ज्योतिष पीठाधीश्वर स्वामी माधवाश्रम महाराज के आशीर्वाद से इस अतिरुद्र महायज्ञ का आयोजन किया गया। भक्तों और श्रद्धालुओं के सहयोग से यज्ञ निर्विघ्न संपन्न हुआ।
इस अवसर पर हरिद्वार से पधारे पूज्य शंकराचार्य राजराजेश्वरानंद महाराज ने स्वामी माधवाश्रम महाराज की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और यज्ञ के दर्शन कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
समापन अवसर पर गंगानगर राजस्थान से ब्रह्मचारी कल्याण स्वरूप, अच्युतानंद महाराज, डॉ. वागीश स्वरूप महाराज, भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व महापौर अनीता ममगाईं, दिनेश सती, सुरकंडा डोली उपासक अजय बिजल्वाण, लक्ष्मण मंदिर के महंत जगदीश प्रपन्नाचार्य, मनीष डिमरी, संदीप शास्त्री, मुकेश शर्मा सहित अनेक संत, विद्वान और श्रद्धालु मौजूद रहे।
यज्ञ के मुख्य आचार्य राकेश बहुगुणा, आचार्य जयानंद सेमवाल, आचार्य गंगाराम व्यास, डॉ. जनार्दन प्रसाद कैरवान, जितेंद्र प्रसाद भट्ट, वैदिक ब्राह्मण महासभा ऋषिकेश के अध्यक्ष जगमोहन मिश्रा, महामंत्री शिव प्रसाद सेमवाल, कथा वाचक शिवस्वरूप नौटियाल, आचार्य नरेंद्र सकलानी, सूरज बिजल्वाण, आचार्य शंकर भट्ट, आचार्य सुरेश पंत, डॉ. भानु प्रकाश उनियाल और आचार्य आयुष गौड़ भी उपस्थित रहे।
ट्रस्ट के ट्रस्टी संजय शास्त्री, शैलेंद्र मिश्रा, डॉ. राजेश नैथानी, मनोज नौटियाल और एलपी पुरोहित समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति में भाग लेकर विश्वशांति एवं लोककल्याण की कामना की।