
![]()
ऋषिकेश 14 अगस्त। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में आयोजित जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश ने शुक्रवार को सत्याग्रह किया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला।
दोपहर 12 बजे शुरू हुए पैदल मार्च में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एससी प्रकोष्ठ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सामाजिक समानता और संविधान की रक्षा का संदेश दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ दलित नेता और संवैधानिक मूल्यों के प्रबल समर्थक हैं। उनके कार्यक्रम के बाद गंगाजल से शुद्धिकरण जैसी कार्रवाई सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के लिए गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सत्याग्रह किसी व्यक्ति या धर्म के विरुद्ध नहीं, बल्कि जातिगत भेदभाव और दलित विरोधी सोच के खिलाफ है।
प्रदेश महासचिव दीप शर्मा और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि दलित समाज का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को समानता, सम्मान और अधिकारों का संविधान दिया है। कांग्रेस सामाजिक समानता एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करती रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि आज भी किसी व्यक्ति के स्पर्श अथवा किसी नेता के कार्यक्रम के बाद गंगाजल से शुद्धिकरण जैसी सोच सामने आती है तो यह सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता के लिए चिंताजनक बताते हुए ऐसी मानसिकता के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।
सत्याग्रह एवं पैदल मार्च शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया।
इस दौरान प्रदेश सचिव राकेश सिंह मियां, राकेश अग्रवाल, मदन मोहन शर्मा, महंत विनय सारस्वत, महेंद्र भट्ट, चंदन पंवार, अरविंद जैन, सूरत कोहली, प्रदीप जैन, प्यारे लाल जुगरान, मुकुल शर्मा, पुष्पा मिश्रा, रवि जैन, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, भगवान पंवार, अभिनव मलिक, ऋषि सिंघल, रुकम पोखरियाल, गुरविंदर सिंह, अशोक रस्तोगी, विवेक तिवारी, अशोक शर्मा, सुनील गुप्ता, संजय भारद्वाज, विनोद रतूड़ी, अभिषेक शर्मा, मनीष जाटव, विश्वजीत अधिकारी, संजय शर्मा, प्रिंस सक्सेना, भूपेंद्र राणा, राकेश वर्मा, जयपाल बिट्टू, राजेश शाह, राजू गुप्ता, रवि थापा, भगवती गिरी, अमन दिवाकर, अंबिका गौड़, रीता साहनी, चंद्रिका तिवारी, नितेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

