![]()
ऋषिकेश, 25 जुलाई। जनपद को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 309 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार चेकिंग और दबिश अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 जुलाई को गोल चक्कर आईडीपीएल ऋषिकेश क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने नौरंगी लाल (54 वर्ष), निवासी हाथरस (उत्तर प्रदेश) को मोटरसाइकिल संख्या UK07DY-8716 पर 3 किलो 95 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में रोहित साहनी (24 वर्ष), निवासी न्यू त्रिवेणी कॉलोनी, चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश को 1.214 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में नौरंगी लाल ने बताया कि वह स्वयं भांग के पौधों से गांजा तैयार कर बेचता है। उसने बताया कि वह हाथरस से रोडवेज बस द्वारा देहरादून आया था, जहां कुछ गांजा बेचने के बाद एक परिचित की मोटरसाइकिल लेकर ऋषिकेश में एक व्यक्ति को गांजा पहुंचाने जा रहा था। वहीं रोहित साहनी ने पुलिस को बताया कि उसे झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले एक व्यक्ति ने प्रतिदिन दो हजार रुपये के हिसाब से गांजा बेचने के लिए दिया था और वह कुछ मात्रा पहले ही बेच चुका था।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
