राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज, ऋषिकेश में रणनीति बैठक संपन्न
ऋषिकेश, 14 जुलाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जयराम आश्रम, ऋषिकेश में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राहुल गांधी के निजी सचिव के.बी. बायजू, एआईसीसी ज्वाइंट सेक्रेटरी मनोज त्यागी तथा उपनेता सदन भुवन कापड़ी ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं और युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में पहुंचकर राहुल गांधी के विचारों को सुनने और उनके साथ होने वाले संवाद का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं। उपनेता सदन भुवन कापड़ी और पूर्व प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, युवाओं के भविष्य और देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर छात्रों से सीधे संवाद का सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश क्षेत्र से अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की भागीदारी, प्रचार-प्रसार, समन्वय तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला, जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, महंत विनय सारस्वत, दीप शर्मा, रवि जैन, मदन मोहन शर्मा, अरविंद जैन, मधु जोशी, पुष्पा मिश्र, अभिषेक शर्मा, सोहन लाल रतूड़ी, राजकुमार तलवार, चंदन सिंह पंवार, कमलेश शर्मा, अभिनव मलिक, भगवान सिंह पंवार, विवेक तिवारी, अजय धीमान, मनीष जाटव, जतिन जाटव, मधु मिश्रा, अलका क्षेत्री, ऋषि सिंगल सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।