![]()
ऋषिकेश, 7 जून। कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव में बहकर लापता हुए युवक की तलाश में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) का सर्च अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान SDRF टीम को नदी में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आशीष जैन (43 वर्ष), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), शनिवार को गंगा में स्नान करते समय तेज धारा में बह गए थे। उनकी तलाश के लिए SDRF की डीप डाइविंग टीम ढालवाला द्वारा रविवार सुबह से ही व्यापक खोज अभियान चलाया गया। टीम ने घटनास्थल के साथ-साथ नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में राफ्ट, डीप डाइविंग उपकरणों एवं अन्य संसाधनों की मदद से गहन सर्चिंग की।
तलाशी अभियान के दौरान कौड़ियाला से आगे नदी में एक अज्ञात महिला का शव दिखाई दिया। SDRF कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित रूप से ब्यासी रोड हेड तक पहुंचाया। इसके बाद शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं तथा पूर्व में नदी में डूबे व्यक्तियों के परिजनों को भी पहचान के लिए सूचना भेजी गई है। वहीं, लापता युवक आशीष जैन की तलाश के लिए SDRF का सर्च अभियान लगातार जारी है।
