गंगा में कूदने जा रही युवती को राफ्टिंग गाइड की मदद से बचाया
ऋषिकेश 17 अप्रैल। मुनि की रेती पुलिस ने गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या करने जा रही एक युवती को राफ्टिंग गाइड की मदद से सकुशल बचा लिया। इस सराहनीय कार्य में जल पुलिस और एक राफ्टिंग गाइड की अहम भूमिका रही।
पुलिस कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे सहस्त्रधारा रोड, मयूर विहार, देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने थाना मुनि की रेती पहुंचकर सूचना दी कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री ने वीडियो भेजकर आत्महत्या करने की बात कही है। युवती ने अपनी लोकेशन ऋषिकेश क्षेत्र में साझा की थी, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मुनि की रेती पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम गठित की और युवती की तलाश शुरू की। परिजनों से प्राप्त फोटो और वीडियो के आधार पर तपोवन, नीम बीच, साइ घाट, ओंकारानंद घाट और शत्रुघन घाट सहित संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान युवती की लोकेशन साइ घाट के पास मिली, जहां वह गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान राफ्टिंग गाइड दीना कुमार के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि युवती पारिवारिक कारणों से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। वह देहरादून की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। युवती को सुरक्षित पाकर उसके परिजनों ने टिहरी पुलिस और रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।