खंड शिक्षा अधिकारी ₹1 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार,
विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई में एक महिला सह-अभियुक्त भी पकड़ी गई,
ऋषिकेश 2 अप्रैल । भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने कार्रवाई करते हुए डोईवाला के उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट को ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एक महिला को भी सह-अभियुक्त के रूप में पकड़ा गया है।
विजिलेंस सेक्टर देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 07/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत पढ़ रहे छात्रों की प्रतिपूर्ति राशि के बिलों के भुगतान के बदले खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से ₹1 लाख की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच कर ट्रैप की योजना बनाई।
बुधवार को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए धनवीर सिंह बिष्ट पुत्र गिन्दू सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान टीम ने मामले में शामिल पुष्पांजलि पत्नी पंकज शर्मा, निवासी लेन नंबर-5 डालनवाला, देहरादून (वर्तमान में स्वामी उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल, गुमानीवाला, ऋषिकेश) को भी सह-अभियुक्त के रूप में गिरफ्तार किया।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों ने आरटीई के तहत छात्रों की प्रतिपूर्ति राशि के बिल पास कराने के एवज में शिकायतकर्ता से ₹1,00,000 की रिश्वत मांगी थी। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते समय विजिलेंस टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।