नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड बनाकर युवाओं को बनाता था शिकार, नई टिहरी पुलिस की कार्रवाई
नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड बनाकर युवाओं को बनाता था शिकार, नई टिहरी पुलिस की कार्रवाई नई टिहरी 15 मार्च ।स्थानीय युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को नई टिहरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आई कार्ड और नियुक्ति पत्र भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जैल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल के निर्देशानुसार जनपद में वित्तीय धोखाधड़ी की रोकथाम एवं त्वरित निवारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 8 फरवरी 2026 को ग्राम पिपोला, पट्टी खासपट्टी निवासी अंकित कण्डवाल पुत्र सुरेन्द्र सिंह ने थाना नई टिहरी में तहरीर देकर बताया कि एक व्यक्ति ने निटकॉन कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे लाखों रुपये ठग लिए। आरोपी ने उसे फर्जी नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए थे। तहरीर के आधार पर थाना नई टिहरी में मुकदमा अपराध संख्या 09/2026 धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शांति प्रसाद चमोली, चौकी प्रभारी भागीरथीपुरम को सौंपी गई। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नई टिहरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुराग लगा कर आरोपी की तलाश शुरू की। जिस पर पुलिस टीम ने 12 मार्च 2026 को जाख तिराहे के पास से आरोपी गोविन्द रतूड़ी (42) पुत्र मुन्नाराम रतूड़ी निवासी ग्राम पलास, पोस्ट सौड उप्पू, जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से टीएचडीसी का फर्जी आई कार्ड, निटकॉन कंपनी का फर्जी आई कार्ड और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार टिहरी भेज दिया गया है।