थत्यूड़ में 52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं की सौगात,सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय नौवें जौनपुर महोत्सव का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ,धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
थत्यूड़ में 52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं की सौगात,सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय नौवें जौनपुर महोत्सव का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ,धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
थत्यूड़ 12 नवंबर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30.50 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22.04 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से सड़क, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने, जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया जाएगा। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगों पर भी सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने जौनपुर महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। उत्तराखंड के युवा भी खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। वहीं, कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब छह करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य पूरे किए गए हैं। दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का कार्य भी पूरा कराया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है। उन्होंने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
**प्रगतिशील किसान और साहित्यकार को किया सम्मानित**
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।
वहीं, ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद कर साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र तथा कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया। स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं और स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने भी क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल्ल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जौनपुर महोत्सव समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।