रामगंगा नदी पर बांध निर्माण से गैरसैंण को मिलेगी पेयजल सुविधा,गैरसैंण को 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात सीएम धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास
रामगंगा नदी पर बांध निर्माण से गैरसैंण को मिलेगी पेयजल सुविधा,गैरसैंण को 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात सीएम धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास
चमोली 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली की 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती देने की दिशा में कदम उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ने 122.69 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों की आधारशिला रखी। यह परियोजना क्षेत्र की आबादी को भू-धंसाव के संभावित खतरे से सुरक्षित रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
पॉलिटेक्निक भवन और सड़क योजनाओं को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण में 12.16 करोड़ रुपये की लागत से भवन निर्माण तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में 22.75 लाख रुपये की लागत से भवन अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास भी किया। सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों की आधारशिला रखी गई।
34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई छह विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण कार्य प्रमुख है। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन का भी लोकार्पण किया गया।
सड़क सुविधाओं के विस्तार के तहत 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य तथा 2.17 करोड़ रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य जनता को समर्पित किया गया।
पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती
गैरसैंण में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन का लोकार्पण किया। इन सुविधाओं से क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं और पुलिस के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इन योजनाओं के पूर्ण होने और निर्माण कार्यों के आगे बढ़ने से गैरसैंण तथा आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शैक्षिक सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।