चारधाम यात्रा के चलते 15 दिनों में 1582 चालान, 81 वाहन सीज़, 40 गिरफ्तार
पुलिस का सघन अभियान, नशे में ड्राइविंग और नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई
30 अप्रैल। चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन को देखते हुए जनपद टिहरी में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए टिहरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में विगत 15 दिनों से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 1582 वाहनों के चालान किए, जबकि 81 वाहनों को सीज़ किया गया। इसके अलावा 40 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई विशेष रूप से नशे में वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, काली फिल्म (टिंटेड ग्लास), अवैध हूटर और बिना या दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ केंद्रित रही। नशे में वाहन चलाने के मामलों में सबसे सख्त कार्रवाई देखने को मिली, जहां 40 वाहनों के चालान के साथ 38 वाहन सीज़ किए गए और 40 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं रैश ड्राइविंग के 173 मामलों में चालान और 19 वाहनों को सीज़ किया गया। अवैध हूटर के प्रयोग पर 19 चालान किए गए, जबकि काली फिल्म लगे 303 वाहनों के चालान किए गए। सबसे अधिक कार्रवाई बिना या दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहनों पर हुई, जिसमें 1047 वाहनों के चालान किए गए और 24 वाहन सीज़ किए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी श्वेता चौबे ने आमजन और वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार का सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके। “सुरक्षित यात्रा — आपकी जिम्मेदारी, हमारी प्राथमिकता”