दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी की चाकू मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
ऋषिकेश 19 अप्रैल,। जौलीग्रान्ट से बड़ी खबर सामने आ रही है।
डोईवाला थाना क्षेत्र के जौलीग्रान्ट में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जौलीग्रान्ट के पाल मोहल्ला निवासी विवेक पुत्र नारायण ने पुलिस को सूचना दी कि उसके जीजा ने उसकी बहन प्रतिमा (30 वर्ष) पर घरेलू विवाद के चलते चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रतिमा को तत्काल उपचार के लिए हिमालय अस्पताल जौलीग्रान्ट में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति गोपाल (39 वर्ष), पुत्र गौरसिल, मूल निवासी नागरिया कॉलोनी थाना अमरिया जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के बढ़ते हिंसक रूप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।