अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रहे मौजूद
ऋषिकेश 19 अप्रैल। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखण्ड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची, जहां विशेष पूजा-अभिषेक के उपरांत दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर मंदिर के कपाट खोले गए। कपाटोद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा अर्पित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का शुभारंभ प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चारधाम आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और हर श्रद्धालु इन दिव्य धामों के दर्शन की कामना करता है।
उन्होंने बताया कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से ‘ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा’ के संकल्प को सफल बनाने में सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।