

![]()
ऋषिकेश 5 अक्टूबर। जंगलात बैरियर से करीब एक किलोमीटर आगे सोमवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार सोमवार, 5 अक्टूबर को शाम करीब 4:34 बजे डायल-112 के माध्यम से जंगलात बैरियर से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर चौकी प्रभारी बस अड्डा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां मोटरसाइकिल संख्या UK14A-6973 और UK07FP-7856 की आमने-सामने टक्कर हुई मिली।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार सोहन लाल नौटियाल (40) पुत्र कुलानन्द नौटियाल, निवासी ग्राम सिला, मालदेवता, देहरादून की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं बलराम नौटियाल (45) पुत्र इन्द्रमणि नौटियाल, निवासी ग्राम सिला, मालदेवता, देहरादून, प्रियांशु मिश्रा (21) पुत्र बृजेश मिश्रा, निवासी अखिलेश्वर कॉलोनी, भट्टोवाला, गुमानीवाला, ऋषिकेश तथा रोहित कण्डवाल (23) पुत्र दिनेश कण्डवाल, निवासी ठाकुरपुर, श्यामपुर, ऋषिकेश गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा। मृतक के शव को आवश्यक पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना लाकर सुरक्षित खड़ा कराया गया है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


