लूट का खुलासा, तीन आरोपी दबोचे नकदी और मोबाइल बरामद,दो आरोपियों से चाकू मिले;
ऋषिकेश 3 सितंबर। मुनिकीरेती पुलिस ने स्वामीनारायण आश्रम के पास हुई लूट की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए ₹12,500 नकद और पीड़ित का Tecno Spark मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से एक-एक चाकू भी बरामद हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे स्वामीनारायण आश्रम के पास तीन अज्ञात युवकों ने नंदा नगर नंदप्रयाग निवासी हरेन्द्र सिंह भंडारी से ₹14 हजार नकद और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर एक सितंबर को थाना मुनिकीरेती में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
गठित की गई पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस टीम ने दो सितंबर को खारा स्रोत पुल के पास से अमन प्रसाद और अंकित को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया गया। तलाशी के दौरान अमन के पास से ₹5 हजार और एक चाकू, अंकित के पास से ₹4 हजार और एक चाकू तथा नाबालिग के कब्जे से ₹3,500 नकद और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अमन प्रसाद पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना रायवाला में एनडीपीएस एक्ट, थाना लक्ष्मणझूला में बीएनएस तथा थाना मुनिकीरेती में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि नाबालिग के संबंध में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।